इंग्लैंड टीम के इस धाकड़ बल्लेबाज से भारतीय गेंदबाजों को रहना होगा सतर्क

Credit@WTC

रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम का एक दल इंग्लैंड दौरे पर है। टीम 1 जुलाई से होने वाले एकमात्र टेस्ट की तैयारी में जुटी हुई है। पिछले साल कोरोना के कारण 5 मैचों की सीरीज का यह मुकाबला नहीं खेला जा सका है। भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है।

बेन स्टोक्स इंग्लिश टेस्ट टीम के नए कप्तान बने हैं। उन्होंने बतौर कप्तान शानदार आगाज किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से क्लीनस्वीप के बाद बेन स्टोक्स ने अपने शानदार प्रदर्शन को दर्शाया है। ऐसे में भारतीय टीम को सचेत रहने की जरूरत है। इस जीत ने टीम इंडिया पर भी दबाव बढ़ा दिया है।

Credit@WTC

टारगेट का पीछा करने के दौरान इंग्लिश टीम के लिए जॉनी बेयरस्टो ने एकबार फिर आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। बेयरस्टो ने 44 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली। बेयरस्टो ने इस दौरान महज 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया। यह इंग्लिश टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। इयान बॉथम इंग्लैंड के लिए सबसे तेज फिफ्टी जड़ने वाले प्लेयर हैं। बॉथम ने साल 1981 में भारत के खिलाफ 28 बॉल पर अर्धशतक जड़ दिया था।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में जॉनी बेयरस्टो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 मैच की 6 पारियों में 79 की औसत से 394 रन बनाए। इसमें उनके दो शतक और 1 अर्धशतक शामिल है। उन्होंने 162 रन की बड़ी पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 120.12 का रहा। यह टेस्ट इतिहास में किसी सीरीज का दूसरा बेस्ट स्ट्राइक रेट है।

Credit@WTC


32 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज बेयरस्टो ने अब तक 86 टेस्ट खेले हैं। 36 की औसत से 5195 रन बनाए हैं। इसमें उनके 10 शतक और 23 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 57 का रहा है। यह टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से बेहतरीन है। वे फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 12 हजार से अधिक रन बना चुके हैं।

बेयरस्टो से पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भी 120 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बना चुके हैं। वह 2006 में भारत के खिलाफ ऐसा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने तीन मैचों में शानदार 330 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 121.32 का रहा था। यह एक सीरीज में 300 से अधिक रन बनाने वाले किसी भी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हैं।

भारतीय टीम की तरफ से देखा जाए तो वीरेंद्र सहवाग का एक सीरीज में स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2009 में 3 मैच में 491 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 शतक लगाए थे। उन्होंने 293 रनों की बड़ी पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 108.14 का रहा था।