ENG vs IND: विराट कोहली से बहस के बाद देखने को मिला जॉनी बेयरस्टो का आक्रामक रुख

Credit@ENG vs IND


पिच पर टिके हुए कप्तान बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow) एक-एक रन बनाने के लिए जूझ रहे थे। बेयरस्टो 64 गेंदों पर 16 और स्टोक्स 18 गेंदों पर 11 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद विराट कोहली ने बेयरस्टो से बहस कर ली। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अंपायर को बीच में आकर दोनों को अलग करना पड़ा।

Credit@ENG vs IND

जॉनी बेयरस्टो ने भारत के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन शतक ठोका। यह उनका लगातार तीसरा शतक है। इससे पहले, उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दो शतक जमाए थे। बेयरस्टो ने शुरुआत भले ही धीमी की हो लेकिन विराट कोहली से हुई बहस के बाद उनके खेलने के अंदाज का एक अलग ही रुख दिखाई दिया। उन्होंने 119 गेंद में ही अपना शतक बना डाला।

Credit@ENG vs IND

इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो इस साल जबरदस्त फॉर्म में हैं।  बेयरस्टो ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर चौका जड़कर अपनी सेंचुरी पूरी की। हालांकि, स्ट्राइक रेट के मामले में उनका यह शतक पिछली दो सेंचुरी से धीमी गति का था। बेयरस्टो ने भारत के खिलाफ अपना शतक 119 गेंद में पूरा किया। अपने शतक की बदौलत उन्होंने इंग्लैंड टीम को खराब परिस्थितियों से बाहर निकालते हुए एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बेयरस्टो ने पहले कप्तान बेन स्टोक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 75 गेंद में 66 रन ठोके और फिर सैम बिलिंग्स के साथ भी 50 से अधिक रन की पार्टनरशिप की।

Credit@ENG vs IND

जॉनी बेयरस्टो ने इस पारी के दौरान शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया हुआ था। लेकिन, इंग्लैंड की पारी के 32वें ओवर में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली से हुई उनकी तू-तू, मैं-मैं ने उन्हें और भड़काने का काम किया। इस विवाद से पहले तक बेयरस्टो ने 60 गेंद में 13 रन बनाए थे। लेकिन, इसके बाद तो बेयरस्टो के खेलने का अंदाज बिल्कुल बदल गया और उन्होंने ताबड़तोड़ शॉट्स लगाने शुरू कर दिए और अगली 21 गेंद में 37 रन ठोकते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर दिया। यानी कोहली से झगड़े के बाद बेयरस्टो ने करीब 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।


बारिश के कारण लंच पहले करना पड़ा। उस वक्त बेयरस्टो का स्कोर 112 गेंद में 91 रन था। लंच के बाद दूसरे सेशन में बेयरस्टो ने जल्दी ही अपना टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के उड़ाए।

Credit@WTC

32 साल के बेयरस्टो ने इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 92 गेंद पर 136 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। फिर तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 157 गेंद पर 162 और दूसरी पारी में 44 गेंद पर नाबाद 71 रन बनाए थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम ने सीरीज पर 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

बेयरस्टो इस तरह अंतिम 4 पारियों में अब तक 374 गेंद पर 420 रन बना चुके हैं। इससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा लगा जा सकता है। उन्होंने इस दौरान 53 चौके और 10 छक्के लगाए हैं। यह उनका ओवरऑल टेस्ट करियर का 24वां अर्धशतक है।

विकेटकीपर बल्लेबाज बेयरस्टो ने इस मुकाबले के पहले तक 86 टेस्ट में 36 की औसत से 5195 रन बनाए थे। 10 शतक और 23 अर्धशतक लगाया था। नाबाद 167 रन की सबसे बड़ी पारी खेली है। वे 600 से अधिक चौके लगा चुके हैं।

बेयरस्टो 89 वनडे में 48 की औसत से 3498 रन बना चुके है। 11 शतक और 14 अर्धशतक लगाया है। वहीं 63 टी20 इंटरनेशनल में 26 की औसत से 1190 रन बनाए हैं। 7 अर्धशतक जड़ा है।